सम्भल: उत्तर प्रदेश की रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस अधीक्षक जमुना प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि जया के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खान के खिलाफ हयात नगर थाने में बृहस्पतिवार की रात मुकदमा दर्ज किया गया.

Lok Sabha Election 2019: ये हैं बीजेपी, कांग्रेस और गठबंधन के प्रत्याशी, यहां जानें कौन कहां से लड़ रहा है चुनाव

इस बीच, खान ने शुक्रवार को कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. उनकी टिप्पणी किसी भी महिला का अनादर करने के लिये नहीं थी.

उन्होंने कहा कि 'मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. मेरा मकसद किसी महिला के प्रति असम्मान पेश करने या उनकी हंसी उड़ाने का नहीं था. जया प्रदा एक सेलेब्रिटी हैं. पूरा देश उनकी तारीफ करता है, उन्होंने अनेक अवार्ड भी जीते हैं.'

खान ने जोर दे कर कहा 'दरअसल, मैंने तो उनकी तारीफ करते हुए कहा था कि वह जहां भी चुनाव प्रचार के लिये जाएंगी और लोग उनसे कुछ डायलॉग बोलने को कहेंगे तो वह उनकी ख्वाहिश पूरी करेंगी. मैंने तो उनकी एक कलाकार होने के कारण तारीफ की थी.'

Loksabha Election 2019: भाजपा से टिकट कटने से नाराज सांसदों को अपने साथ लाने के लिये तैयार हैं विपक्षी दल

बता दें कि खान ने कथित रूप से कहा था कि जया प्रदा अपने घुंघरुओं और ठुमकों से रामपुर की जनता को लुभाएंगी. अपने एक वायरल वीडियो में वह यह कहते हुए नजर आए ''रामपुर की शामें रंगीन हो जाएंगी, अब जब चुनावी माहौल चलेगा.''

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए खान को एक नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया था.

यूपी: नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र के एक भी गांव नहीं गए, किसी गरीब को गले नहीं लगाया- प्रियंका गांधी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मामले को गम्भीरता से लेते हुए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसी कोई हरकत ना करने की सख्त हिदायत दी है.